सूरजपुर के साप्ताहिक बाजार में चोरी के शक में दो महिलाओं की पिटाई, भीड़ ने बरसाए लात-घूंसे

सूरजपुर। जिले के बड़कापारा स्थित साप्ताहिक बाजार में चोरी के शक में दो महिलाओं की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। महिलाओं पर मोबाइल और नगदी चोरी करने का संदेह जताया गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया और हाथ, लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।

घटना के दौरान बाजार में काफी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग दोनों महिलाओं के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बाजार में मोबाइल और नगदी चोरी होने के संदेह के बाद महिलाओं को पकड़ लिया गया था। इसके बाद भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए उनके साथ मारपीट की। हालांकि, महिलाओं ने वास्तव में चोरी की थी या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की घटना में महिलाओं की कोई भूमिका थी या नहीं और मारपीट करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *