पहले बच्चों में हुआ झगड़ा, फिर महिलाओं में भिड़ंत, गुढ़ियारी का मामला

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोपाल नगर में बच्चों के विवाद को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। एक महिला ने अपनी पड़ोसन पर अश्लील गाली-गलौज करने, मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

गोपाल नगर निवासी किरण ध्रुव ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता और दो बच्चों के साथ रहती है। 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे उसका बेटा लंच के समय स्कूल से घर आया था और बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली सुखबती साहू के पोते ने उसके बेटे से अभद्र भाषा में बात की। इस पर उसके बेटे ने उसे थप्पड़ मार दिया।

किरण के मुताबिक, झगड़े की आवाज सुनकर वह बाहर आई और अपने बेटे को समझाया कि उसे मारने के बजाय उसकी मां से शिकायत करनी चाहिए थी। इसी दौरान सुखबती साहू वहां पहुंची और उसके बेटे को मारने की बात कहने लगी। जब किरण ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। शिकायत के अनुसार, सुखबती साहू ने कथित तौर पर किरण के साथ गाली-गलौज की और उसके कपड़े पकड़कर खींच दिए, जिससे कपड़े फट गए। इसके बाद बाल पकड़कर खींचने और हाथ की कलाई मरोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

महिला ने बताया कि घटना के दौरान मोहल्ले में काफी लोग जमा हो गए थे। इसी बीच उसके घरवाले और एक अन्य महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। किरण ने शिकायत में कहा है कि सार्वजनिक रूप से कपड़े फाड़े जाने से उसे काफी अपमानित और मानसिक रूप से परेशान होना पड़ा। मामले में गुढ़ियारी पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *