Headlines

खमतराई के ज्वेलर्स दुकान में डकैती की कोशिश नाकाम, 5 गिरफ्तार

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में गैस कटर से ताला काटकर डकैती करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के साथ विधि के साथ संघर्षरत एक बालक और एक बालिका सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट, चार मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सदर बाजार निवासी सुरेश ढीमन खमतराई के श्रीनगर में ‘सुरेश ज्वेलर्स’ नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे 13 नवंबर 2026 की रात दुकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। 18 नवंबर को वापस लौटने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। फुटेज में पता चला कि 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे अज्ञात लोगों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कागज चिपकाकर उसे ढक दिया था। इसके बाद गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने में असफल रहे।

इस मामले में खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 1256/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 62 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने अपने दो अन्य साथियों—एक बालक और एक बालिका—के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया गया।

डकैती के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई

पुलिस के मुताबिक, जांच में डकैती के प्रयास से जुड़े साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है। सभी पांचों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  1. वासुदेव सरकार (25 वर्ष), निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
  2. गुंजन बार (18 वर्ष), निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान पता वासुदेव सरकार का मकान, शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
  3. नाज नौशाद सनादी (34 वर्ष), निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
  4. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।
  5. विधि के साथ संघर्षरत एक बालिका।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट, चार मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *