Headlines

अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

रायगढ़ की खबर

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य रोकने की समझाइश देने पर दो भाइयों ने पटवारी के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी (37 वर्ष), निवासी ग्राम पोरडा ने 24 नवंबर 2026 को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे पटवारी हल्का नंबर 08, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। 24 नवंबर को तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर वे ग्राम तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की जांच और मौका निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी उनके साथ मौजूद थे।

निर्माण कार्य रोकने की समझाइश पर हुआ विवाद

मौका निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी द्वारा शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार घरघोड़ा ने भी फोन पर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा।

शिकायत के अनुसार, जब पटवारी मौके से जाने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के तथा डंडे से मारपीट करने लगा। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की।

दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पटवारी की रिपोर्ट पर घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

विवेचना के दौरान 25 नवंबर 2026 को घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। इस दौरान विजय गुप्ता (53 वर्ष), पिता बैरागी गुप्ता, निवासी ग्राम रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना घरघोड़ा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वहीं, मामले के दूसरे आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *