धमतरी। जिले के मगरलोड से चोरी हुई मोटरसाइकिल को पुलिस ने रायपुर से बरामद कर लिया है। शराब दुकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी कर आरोपी उसे रायपुर में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। इसी दौरान रायपुर के भनपुरी चौक के पास खमतराई पुलिस ने उसे चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। धमतरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भरदा निवासी जालम सिंह साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर 2026 की शाम वह अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 से भरदा गांव स्थित देशी शराब दुकान गया था। उसने बाइक दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद उसने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
रायपुर में ग्राहक तलाशते पकड़ा गया आरोपी
विवेचना के दौरान 24 नवंबर को रायपुर के खमतराई थाना पुलिस से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 को बेचने के लिए भनपुरी चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को बाइक सहित पकड़ लिया।
जानकारी मिलते ही मगरलोड पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित अभिरक्षा में लेकर मगरलोड थाने लाई।
जेब में रखी चाबी से चालू हो गई थी चोरी की बाइक
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे ने बताया कि वह 10 नवंबर को बस से मगरलोड आया था। ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के पास खड़ी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल देखकर उसने अपनी जेब में रखी चाबी लगाई, जिससे बाइक चालू हो गई। इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर रायपुर चला गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बाइक का अगला हिस्सा यानी वाइजर और टंकी क्षतिग्रस्त कर दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त कर ली। बाइक की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी को भेजा गया जेल
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रेम दुबे को गिरफ्तार किया। उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।