धमतरी। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 3 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई करते हुए उनके साइलेंसर उतरवा दिए। वहीं, मोटरसाइकिल चलाते मिले 7 नाबालिग बच्चों को रोककर उनके परिजनों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश दी गई। मॉडिफाइड साइलेंसर के मामले में कुल 3 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी एवं उनकी टीम ने वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
तेज आवाज करने वाले 3 बुलेट के साइलेंसर उतरवाए
जांच के दौरान तीन बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। यातायात पुलिस ने तत्काल तीनों वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाए। साथ ही संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 1 हजार रुपये के हिसाब से कुल 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
7 नाबालिग बाइक चलाते मिले, परिजनों को बुलाकर दी समझाइश
अभियान के दौरान पुलिस ने 7 नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। सभी को रोककर यातायात चौकी लाया गया और उनके परिजनों को यातायात कार्यालय बुलाया गया। पुलिस ने अभिभावकों को समझाइश दी कि निर्धारित आयु पूरी करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने से पहले बच्चों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें।
पुलिस ने परिजनों को बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन होने के साथ ही उनके और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकता है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस की नजर
धमतरी यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए एल्कोमीटर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।