रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 1 क्विंटल 27 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक समेत कुल 6 लोगों को पकड़ा है। जब्त गांजे और अन्य सामान की कीमत 64 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गंज और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, मध्य क्षेत्र डीसीपी तारकेश्वर पटेल और पश्चिम क्षेत्र डीसीपी रॉबिनसन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग में दोनों कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि एक ऑटो में तीन व्यक्ति गांजा लेकर पचपेड़ी नाका से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। सूचना पर टीम ने ऑटो का पीछा कर उसे फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास रुकवाया।
ऑटो में सवार मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू की तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग से 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तीन मोबाइल फोन समेत करीब 41.25 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया। इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 303/26, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा जब्त
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर 2026 को थाना आमानाका क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर कान्हू डाकुआ, सुमित भट्टाचार्य और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.39 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 338/26, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
आगे की कड़ी तलाशेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में करीब 6.31 करोड़ रुपये कीमत का गांजा, नशीली दवाएं, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, वाहन, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई है।