धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को माचिस से आग के हवाले कर दिया था। आरोपी की पहचान जीवन निषाद (47), निवासी वार्ड क्रमांक 01, मेघा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना 1 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। आरोपी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। नोजल में आग नहीं लगने पर उसने परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों में माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मगरलोड थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 194/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 326(एफ) एवं 324(4) के तहत मामला कायम किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची की मौत के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन से था नाराज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर 2026 को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक छोटी बच्ची गिर गई थी और महानदी में आई बाढ़ के पानी में बह गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था और गुस्से में उसने पेट्रोल पंप में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त माचिस और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।