रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से फैलने की बात सामने आ रही है। “छत्तीसगढ़ बातचीत” की टीम ने अपने पड़ताल में पता लगाया है कि ऑनलाइन सट्टा ग्रुप “हंटर” दिन-रात सक्रिय रहते हैं और इनके जरिए युवाओं को सट्टेबाजी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिला मुख्यालयों से लेकर अंदरूनी गांवों तक के युवा इन ग्रुपों से जुड़े बताए जा रहे हैं। ऑनलाइन सट्टा ग्रुप “हंटर” का एडमिन अरमान है।
जानकारी के अनुसार, क्रिकेट मैच के दौरान हर गेंद, विकेट और रन के स्कोर पर दांव लगाया जा रहा है। इसमें 100 रुपये से लेकर लाखों रुपये तक की रकम लगाने की बात सामने आई है। सट्टेबाजी के इस नेटवर्क से जुड़ने के लिए पहले टेलीग्राम के माध्यम से लिंक उपलब्ध कराया जाता है। इसके बाद व्हाट्सएप ग्रुपों के जरिए सट्टे का संचालन किए जाने की जानकारी मिली है।
बताया जा रहा है कि इन ग्रुपों में दिन-रात गतिविधियां चलती रहती हैं। क्रिकेट मैच के हर पल के साथ दांव की रकम बदलती रहती है। इस तरह ऑनलाइन सट्टेबाजी का जाल युवाओं तक पहुंच रहा है और कई युवा इसकी गिरफ्त में आते जा रहे हैं।
युवाओं के भविष्य पर चिंता
ऑनलाइन सट्टेबाजी की आसान पहुंच युवाओं के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। शुरुआत में छोटी रकम लगाने वाले लोग धीरे-धीरे बड़ी रकम दांव पर लगाने लगते हैं। इससे आर्थिक नुकसान और कर्ज जैसी परेशानियां पैदा हो सकती हैं।
इस पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच और ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित करने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। साथ ही अभिभावकों को भी युवाओं की ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।