दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल के एनडीए गठबंधन में दोबारा शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों की भलाई को सबसे पहले रखना उनकी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर हुई है, जो इसे और खास बनाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल एनडीए परिवार में वापस लौट आया है। उन्होंने अकाली दल और भाजपा के रिश्ते को स्वाभाविक गठबंधन बताते हुए कहा कि यह गठबंधन पंजाब को जन-केंद्रित शासन उपलब्ध कराने और राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से काम करेगा।
अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के दौर के गठबंधन का किया जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को इन नेताओं ने आगे बढ़ाया और यह गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है।
प्रधानमंत्री ने पंजाब के विकास और जनता के हितों को गठबंधन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य राज्य में ऐसा शासन सुनिश्चित करना है, जिसमें आम लोगों की जरूरतों और कल्याण को महत्व मिले।
शिरोमणि अकाली दल की एनडीए में वापसी को लेकर पीएम मोदी का यह बयान पंजाब की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है।