Headlines

बिना नंबर प्लेट की पल्सर से खुला चोरी का राज, रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने दो वाहन किए बरामद

रायपुर। यातायात पुलिस की सतर्कता से चोरी के दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। वीआईपी ड्यूटी और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को ये सफलता मिली। जांच के दौरान दोनों वाहनों के चोरी होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद वाहन मालिकों से संपर्क कर संबंधित थानों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को यातायात पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की।

गोवर्धन पूजा के दिन चोरी हुई स्कूटी मिली

वीआईपी ड्यूटी के दौरान यातायात पचपेड़ी नाका के आरक्षक भीखमचंद ढीमर और रज्जाक खान को पचपेड़ी नाका एवं संतोषी नगर ब्रिज के बीच स्कूटी क्रमांक CG 04 QF 7536 लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिसकर्मियों ने ई-चालान एप के माध्यम से वाहन की जानकारी निकाली और पंजीकृत मालिक से संपर्क किया।

वाहन मालिक ने बताया कि स्कूटी गोवर्धन पूजा के दिन चोरी हो गई थी और इसकी रिपोर्ट थाना मंदिर हसौद में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद यातायात पुलिस ने वाहन मिलने की सूचना मालिक को दी और आगे की कार्रवाई के लिए मंदिर हसौद थाना को सूचित किया।

बिना नंबर प्लेट की पल्सर भी बरामद

दूसरी कार्रवाई वाहन चेकिंग के दौरान हुई। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चल रही चेकिंग के दौरान निरीक्षक विशाल कुजूर और उनकी टीम ने एक पल्सर मोटरसाइकिल को रोका। बाइक पर तीन सवारी बैठी थीं और आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पुलिस ने डिवाइस मशीन से चेचिस नंबर के आधार पर वाहन की जानकारी निकाली। जांच में मोटरसाइकिल के मालिक भवानी प्रसाद यादव, निवासी पिस्दा, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती का पता चला। वाहन मालिक ने बताया कि उनकी पल्सर मोटरसाइकिल वर्ष 2024 में गणेश उत्सव के दौरान चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 215 दर्ज कराया गया था।

यातायात पुलिस ने मोटरसाइकिल को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए यातायात थाना तेलीबांधा में रोका और संबंधित थाना को सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *