दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग में नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के भवन और रुआबांधा पुलिस चौकी का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का भी पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया। इन पहलों का उद्देश्य साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना है।
मुख्यमंत्री ने महिला थाना सेक्टर-06, भिलाई के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने नए भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश भी लिखा।
तीन जिलों के साइबर अपराधों की होगी जांच
नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा तक रहेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जटिल साइबर मामलों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा।
साइबर अपराध से पीड़ित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के साथ आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रुआबांधा पुलिस चौकी का भी हुआ उद्घाटन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया। इससे क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।
‘संकल्प अभियान’ के तहत तीन स्तरों पर होगी कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर जारी कर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरीय कार्ययोजना तैयार की गई है।
पहले स्तर पर गांव, वार्ड, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। दूसरे स्तर पर मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। तीसरे स्तर पर नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
साइबर अपराध और नशे से जुड़ी सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी
दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराध और नशे से संबंधित सहायता एवं सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। नशे से संबंधित सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 और एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव और दुर्ग सांसद विजय बघेल अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा ललित चंद्राकर, राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी दुर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।