Headlines

बलौदाबाजार में बिचौलियों के 4 ठिकानों पर प्रशासन की दबिश, 393 कट्टा अवैध धान जब्त

बलौदाबाजार। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान के बीच अवैध धान भंडारण और बिचौलियों पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने विभिन्न तहसीलों में कार्रवाई करते हुए कुल 393 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। इसके साथ ही एक स्थान से लगभग 15 क्विंटल खुला धान और दूसरे स्थान से 15 कट्टा चावल भी जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमगा अनुविभाग मे राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम कामता स्थित शायब ट्रेडिंग कंपनी से 279 कट्टा धान एवं लगभग 15 क्विंटल खुला धान जब्त किया। इसी तरह तहसील लवन के ग्राम भालुकोना में विमल ट्रेडर्स की दुकान से 90 कट्टा धान जब्त किया गया।वहीं, तहसील टुंड्रा के ग्राम गिरौदपुरी में बिसाहू साहू किराना स्टोर से 10 कट्टा धान एवं 15 कट्टा चावल तथा ग्राम नरधा में पूनाराम ट्रेडर्स से 14 कट्टा धान जब्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि जिले में 15 नवम्बर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन द्वारा बिचौलियों, अवैध भंडारण एवं अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *