Headlines

किसानों के खेतों से बोर पंप मशीन और केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, एक आरोपी और दो अपचारी बालक पकड़े गए

रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों और बाड़ियों से बोर पंप मशीन एवं केबल वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने चोरी की गई बोर मशीन और पंप 10,900 रुपये बरामद किए हैं। वहीं, केबल वायर जलाकर निकाले गए तांबे की बिक्री से प्राप्त रकम भी अपचारी बालकों के कब्जे से जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कुरा निवासी शकुंतला धीवर ने 23 नवंबर 2026 को थाना धरसींवा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने नगर पंचायत कुरा श्मशान घाट के पास स्थित पटेल बाड़ी में लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी कर लिए हैं। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 523/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नगर पंचायत कुरा के दर्री तालाब के पास अमन धीवर नाम का युवक बोर मशीन और पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अमन धीवर (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10, दर्री तालाब, अटल चौक, नगर पंचायत कुरा के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमन ने अपने साथी नीरज धीवर और पुष्पेन्द्र साहू के साथ मिलकर पटेल बाड़ी से बोर पंप मशीन चोरी करने की बात बताई। आरोपियों ने चोरी की मशीन और पंप को कुरा के कड़का तालाब के पास खेत में छिपा दिया था।

मोटर वाइंडिंग दुकान से बरामद हुई मशीन

पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई बोर मशीन को कुरा स्थित मनीष देवांगन की समर इलेक्ट्रिकल एवं मोटर वाइंडिंग दुकान में मरम्मत के लिए छोड़ा गया था। पुलिस ने दुकान से बोर मशीन और पंप, जिसकी कीमत 10,900 रुपये बताई गई है, जब्त कर लिया।

वहीं, चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर उसमें से तांबा अलग किया गया था। तांबे को बेचने से मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। पुलिस ने दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से बिक्री की नगदी रकम भी जब्त की है।

इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी अमन धीवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *