राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए 32 वर्षीय आरोपी उमेश कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी खैरागढ़ जिले के बाजार अतरिया का निवासी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 08 R 9990 भी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 22 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 अप्रैल 2026 को वह अपने मायके से बेंगलुरु जाने के लिए सुबह करीब 7:30 बजे राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंची थी। टिकट लेने के बाद ट्रेन लेट होने के कारण वह प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बैठी हुई थी।
पीड़िता के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे एक महिला और एक पुरुष उसके पास आए और उससे पूछा कि वह कहां जा रही है। बेंगलुरु जाने की बात बताने पर दोनों ने भी वहां जाने की बात कही। कुछ देर बाद महिला दूसरी जगह बैठ गई। इसके बाद उस व्यक्ति ने ट्रेन आने में समय होने की बात कहकर उसे पानी पीने के लिए दिया। पीड़िता का आरोप है कि पानी पीने के बाद वह प्लेटफॉर्म पर ही सो गई और उसकी ट्रेन छूट गई।
शिकायत के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने ठहरने की व्यवस्था करने का भरोसा देकर उसे स्कूटी पर बैठाया और बस स्टैंड के पास स्थित चंद्रा लॉज ले गया। आरोप है कि वहां विरोध करने के बावजूद जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे दो-तीन दिन लॉज में रखा और कई बार उसके साथ जबरदस्ती की।
इसके बाद आरोपी उसे दीवानटोला, बजरंगपुर नवागांव ले गया और किराये के मकान में रखा। पीड़िता के अनुसार, वहां भी उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए। उसने आरोप लगाया कि आरोपी उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बनाता था। ऑपरेशन होने के कारण बच्चा नहीं हो पाने की बात बताने पर आरोपी मारपीट करने लगा और घर से निकालने की धमकी देने लगा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त की
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 723/26 के तहत बीएनएस की धारा 62(2)(एम), 115(2) और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी की। पुलिस के अनुसार आरोपी उमेश कुमार वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।