Headlines

दुर्ग में हेरोइन सप्लाई का मामला, फरार तस्कर वैभव सोनी मंडला से गिरफ्तार

दुर्ग। प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री के मामले में फरार चल रहे आरोपी वैभव सोनी को दुर्ग पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। आरोपी को दुर्ग लाने के बाद विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को थाना सुपेला पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति लाल रंग की कार में हेरोइन (चिट्टा) रखकर कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज तथा मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की कार क्रमांक CG 07 CV 3587 जब्त की थी। इस मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत धारा 8 और 21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।

मंडला में दबिश देकर पकड़ा गया फरार आरोपी

इस प्रकरण में शामिल तीसरे आरोपी वैभव सोनी (25 वर्ष), निवासी एचआईजी 2853, हाउसिंग बोर्ड जामुल, जिला दुर्ग की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी जानकारी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के मंडला में दबिश दी, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को दुर्ग लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

करीब 9.94 लाख रुपये की सामग्री हुई थी जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से 2.65 ग्राम और 6.20 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और लाल रंग की कार भी जब्त की गई थी। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 94 हजार रुपये बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *