Headlines

शादीशुदा प्रेमिका के पति और ससुर को जलाया, प्रेम में रोड़ा बनने पर सनका प्रेमी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर घर में घुसकर पिता और पुत्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वहीं, वारदात के बाद आरोपी ने भी सल्फास की गोलियां खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मामला माधौगंज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रजत नाम का युवक एक महिला के साथ लिंक हॉस्पिटल में काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि महिला के पति ने भी रजत को डांटा था। इसके बाद करीब डेढ़ साल तक मामला सामान्य रहा।

बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर रजत अचानक महिला के घर पहुंच गया। उस समय घर में महिला का पति और ससुर मौजूद थे। आरोप है कि रजत ने दोनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पिता-पुत्र के हाथ, पैर और छाती बुरी तरह झुलस गए।

घटना के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रजत ने भी सल्फास की गोलियां खा लीं। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश को इस हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। सीएसपी किरण अहिरवार ने भी मामले से जुड़ी जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घायलों के बयान और जांच के बाद ही हमले की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *