बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में प्रेम संबंध और शादी के वादे से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी प्रेमिका को लॉज की तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे धक्का देने का आरोप है। ऊंचाई से गिरने के बाद युवती बिजली के खंभे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान ऐश्वर्या के रूप में हुई है। वह कर्नाटक के हासन जिले की रहने वाली थी और एक निजी कंपनी में काम करती थी। घटना 19 नवंबर की है। जानकारी के मुताबिक, उस दिन ऐश्वर्या अपने दोस्त संतोष के साथ बेंगलुरु के अब्बिगेरे सर्कल स्थित एक लॉज पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, लॉज के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान संतोष पर ऐश्वर्या को तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे धक्का देने का आरोप है। नीचे गिरने के बाद युवती बिजली के खंभे से टकरा गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में इसे संदिग्ध आत्महत्या का मामला मानकर जांच शुरू की थी। इसी बीच ऐश्वर्या के पिता ने शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना और आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर लिया। गंगम्मनगुड़ी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या और संतोष लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। शुरुआत में ऐश्वर्या के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था, लेकिन बाद में परिजन दोनों की शादी के लिए तैयार हो गए थे। बताया गया कि संतोष ने शादी करने के लिए तीन साल का समय मांगा था, लेकिन वह लगातार शादी टालता रहा।
बाद में संतोष ने ऐश्वर्या से कहा कि उसका परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं है और वह उससे शादी नहीं करेगा। दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद एक बार फिर शादी की बात आगे बढ़ी, लेकिन संतोष ने इसके लिए छह महीने का और समय मांगा। कुछ समय बाद वह फिर अपने वादे से मुकर गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।