महासमुंद। जिले के कोमाखान में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस संचालित आंचल नर्सिंग होम को सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के औचक निरीक्षण में अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पता चला कि नर्सिंग होम पिछले करीब आठ महीने से बिना वैध लाइसेंस के ओपीडी संचालित कर रहा था। वहीं, पिछले चार महीने से मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार भी किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की टीम जब अस्पताल पहुंची तो वहां सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) और नसबंदी कराने वाले मरीज भर्ती मिले। निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर स्थिति यह सामने आई कि अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इसके अलावा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ भी उपलब्ध नहीं था।
नोटिस के बाद भी नहीं दिए संतोषजनक जवाब
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल प्रबंधन से संचालन से संबंधित वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन प्रबंधन जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। बताया गया कि इससे पहले भी विभाग की ओर से अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं मिला।
लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और बिना वैध लाइसेंस अस्पताल संचालन को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आंचल नर्सिंग होम को सील कर दिया।