भिलाई। दुर्ग जिले में सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) बेचने वाले नेटवर्क से जुड़े 13 लोगों को पकड़ा है। इनमें 11 वयस्क आरोपी और 2 अपचारी बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े ठिकानों से 70.460 ग्राम हेरोइन सहित करीब 39 लाख 95 हजार 800 रुपये की सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और हुंडई i-20 कार भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचने वाले नेटवर्क के खिलाफ की गई है। मामले की शुरुआत 19 सितंबर 2026 को हुई थी, जब खुर्सीपार थाना पुलिस को सूचना मिली कि जोन क्रमांक-03, जीरो स्ट्रीट स्थित जसबीर कौर के मकान में अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जसबीर कौर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने 14 लाख 9 हजार 200 रुपये बताई है।
जांच में एक के बाद एक आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख), 27(क), 29 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 78 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की गई और क्रमशः गिरफ्तारियां की गईं।
19 सितंबर को जसबीर कौर उर्फ सोनू, नितेश सोनी, तिरकेश निषाद और दो अपचारी बालकों को पकड़ा गया। इसके बाद 24 सितंबर को गुरमीत सिंह उर्फ लक्की और हेमंत दयाल उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया। 6 अक्टूबर को आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन पुलिस की गिरफ्त में आया। इसके अलावा मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा को भी इस प्रकरण में गिरफ्तार किया गया।
24 नवंबर को दो और आरोपी गिरफ्तार, कार सहित 10.73 लाख की सामग्री जब्त
पुलिस ने 24 नवंबर को कार्रवाई करते हुए रबेल सिंह (26 वर्ष), निवासी गोकुल नगर, अटल आवास, जामुल और गौरव अहिरवार (21 वर्ष), निवासी बाबादीप सिंह नगर, थाना वैशाली नगर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चिट्टा बिक्री की रकम 3,500 रुपये, मोटोरोला G06 Power मोबाइल, ओप्पो रेनो-16 5G मोबाइल, हुंडई i-20 कार क्रमांक CG-07-BG-6740 और फाइल पेपर रोल जब्त किया गया। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 73 हजार 500 रुपये बताई गई है।
39.95 लाख की सामग्री जब्त
खुर्सीपार पुलिस के मुताबिक, पूरे प्रकरण में अब तक कुल 70.460 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 38 हजार 600 रुपये नकद, 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 10 मोबाइल फोन, एक हुंडई i-20 कार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और फाइल पेपर रोल जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 39 लाख 95 हजार 800 रुपये है।
पुलिस ने बताया कि केस में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।