दिल्ली। चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी सांसदों के लगातार जारी प्रदर्शन के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन को सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से कहा है कि प्रदर्शन में सभी सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने पिछले दो दिनों के प्रदर्शन में शामिल हुए और गैरहाजिर रहे सांसदों की अलग-अलग सूची तैयार करने को कहा है। साथ ही, जो सांसद प्रदर्शन में मौजूद नहीं रहे हैं, उनसे अनुपस्थिति का कारण पूछा जाएगा।
राहुल गांधी ने निर्देश दिया है कि यदि किसी सांसद की गैरहाजिरी का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
दरअसल, विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए हैं। पिछले दिनों प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया था।