दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी कर माताओं-बहनों के खातों में सहायता राशि अंतरित की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक, प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास की चाबी और आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले को विकास कार्यों की सौगात देते हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध होंगी, अधोसंरचना मजबूत होगी और विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तीकरण और प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार अपने विकास और जनकल्याण के संकल्प को लगातार साकार कर रही है।
‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में सुविधा और आर्थिक संबल बढ़ाने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाया गया।