Headlines

दुर्ग में कथित पत्रकार गिरफ्तार, सरकारी दफ्तर में मारपीट कर कर्मचारियों को धमकाया

दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में काउंसलिंग के दौरान मारपीट, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पत्रकारिता का धौंस दिखाकर विभागीय कर्मचारियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चंद्रप्रकाश पटेल (42), निवासी सिविल लाइन, कसारीडीह, दुर्ग, महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन में परियोजना समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं। विभाग की टीम भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों को संरक्षण और सुरक्षा प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करती है।

इसी क्रम में नेहरू नगर चौक पर करीब 15 वर्षीय एक बालिका को कार के शीशे साफ करते हुए पाया गया था। विभागीय टीम उसे कार्यालय लेकर आई और इसके बाद बालिका तथा उसकी मां गोलू बाई को बुलाकर काउंसलिंग की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी हनु नायक उर्फ हनुमान पर कथित रूप से महिला और विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट करने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पत्रकारिता का धौंस दिखाते हुए कर्मचारियों को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी भी दी।

मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 646/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(2), 132, 296, 115(2) और 351(3) के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हनु नायक उर्फ हनुमान (30 वर्ष), निवासी टंकी मरोदा, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में सुपेला और नेवई थानों में भी मारपीट से संबंधित प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *