Raipur : बजरंग नगर सरोरा में चाकू लेकर दहशत फैलाया, 25 साल का युवक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को थाना उरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बजरंग नगर सरोरा के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर लहरा रहा है और लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम गजेन्द्र पाल, पिता नरेश पाल, उम्र 25 वर्ष बताया। वह बजरंग नगर सरोरा, मनीष किराना स्टोर के पास, थाना उरला, जिला रायपुर का निवासी है। पुलिस ने उससे चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना उरला में अपराध क्रमांक 534/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *