बिलासपुर में 10 चोरियां, कार और बुलेट खरीदकर शौक पूरा कर रहे थे चोर, पूरा गैंग पकड़ाया

बिलासपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना कोटा और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी रकम और वाहन सहित चोरी के मामलों से संबंधित सामान बरामद किया है। पुलिस ने बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 9 मामलों और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले सहित कुल 10 चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33 वर्ष), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43 वर्ष) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

सूने मकानों को बनाते थे निशाना

पुलिस को पिछले कुछ महीनों से ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जिनमें ताला लगा होता था और घर के सदस्य खेती-किसानी या अन्य काम से बाहर गए रहते थे। आरोपी मकान का ताला तोड़कर अंदर रखी आलमारी और पेटी से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर लेते थे।

मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद कोरबा जिले के तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।

चोरी की रकम से खरीदी कार और बाइक

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद रंग की क्रेटा कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार, विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किस्तें चुका रहा था। वहीं, राज प्रजापति ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

छह लाख के जेवरात और नकदी बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं। जब्त आभूषणों में चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के आभूषण और सोने के मंगलसूत्र, लॉकेट व अन्य जेवर शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी पहले भी वर्ष 2022-23 में जांजगीर जिले में दिन के समय चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ वहां 19 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुराने मामलों की जानकारी और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को कुल 10 चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया है। उनकी संपत्ति की जांच कर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना कोटा पुलिस, एसीसीयू बिलासपुर और संबंधित थानों की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *