रायपुर। सोशल मीडिया पर एक ही दिन में सैकड़ों लोगों के लापता होने का दावा करने वाली खबरों को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने भ्रामक और असत्य बताया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल खबरों में जिन आंकड़ों का उल्लेख किया जा रहा है, वे एक दिन के नहीं, बल्कि पांच महीने के आंकड़े हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, सोशल मीडिया पर तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने के कारण लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लापता लोगों से जुड़े सभी मामलों में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के इस स्पष्टीकरण का उद्देश्य वायरल खबरों के माध्यम से फैल रही गलतफहमी को दूर करना और आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना है। ऐसे में सोशल मीडिया पर किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।