वीडियो बनाने से मना करने पर युवक से मारपीट, तीन लोगों ने किया हमला, जान से मारने की धमकी भी दी

रायपुर। सेजबहार इलाके में मोबाइल से वीडियो बनाने का विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शुश्रुत बघमार ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए तीन लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेजबहार निवासी शुश्रुत बघमार 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे सिवनी नाला के पास अपने दोस्त संतोष बाघ से मिलकर बातचीत कर रहे थे। दोनों घर जाने के लिए निकल रहे थे, तभी वहां कामेश्वर, निखिल बंजारे और दुर्गेश नाम के तीन व्यक्ति पहुंचे।

आरोप है कि कामेश्वर और निखिल बंजारे अपने मोबाइल फोन से शुश्रुत बघमार और उनके दोस्त का वीडियो बनाने लगे। इस पर शुश्रुत ने उनसे वीडियो बनाने का कारण पूछा, तो विवाद शुरू हो गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर तीनों मारपीट पर उतारू हो गए और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।

घटना के दौरान मारपीट होते देख आदित्य वर्मा ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि मारपीट के कारण उसके दाहिने हाथ, चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं। मामले में शुश्रुत बघमार ने मुजगहन थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *