मुजगहन में ई-रिक्शा चालक से मारपीट, यात्री ने उंगली काटी और पर्स से पैसे निकाले

रायपुर/मुजगहन। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक लोकनाथ तारक ने मुजगहन पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, देवारभाठा धुसेरा निवासी लोकनाथ तारक रायपुर शहर में ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते हैं। 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे वे अपने ई-रिक्शा में सवारी लेकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे भटगांव स्थित घासीदास मंदिर के पास हीरू रात्रे नाम का एक युवक उनके ई-रिक्शा में जबरन बैठ गया।

लोकनाथ तारक के मुताबिक, जब उन्होंने ई-रिक्शा रोककर युवक से जबरन बैठने का कारण पूछा, तो वह गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। आरोप है कि युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनके पर्स में रखे पैसे निकाल लिए। मारपीट के दौरान आरोपी ने उनके दाहिने हाथ की उंगली भी काट दी।

पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान मनीष रात्रे और नरेश रात्रे मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस की कार्रवाई और मामले की आगे की स्थिति की जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *