बलौदाबाजार। जिले के टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रोहनी बंजारे के रूप में हुई है। उनका शव घर के अंदर बिस्तर पर मिला। घटना के बाद से महिला का पति लखन बंजारे लापता है।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों को काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं दिखी। आवाज लगाने पर भी जवाब नहीं मिलने के बाद वे घर के अंदर गए, जहां रोहनी बंजारे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के पति के लापता होने के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल व्यक्ति का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।