डोंगरगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर का दरबार सुनहरी-केसरिया रोशनी से जगमगा उठा है। मंदिर परिसर में प्रज्ज्वलित हजारों ज्योति कलश श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। चारों ओर भक्ति और आस्था का वातावरण नजर आ रहा है।

मंदिर में कुल 9,001 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए हैं। इनमें पहाड़ी पर स्थित मां बम्लेश्वरी के मंदिर में 8,100 और नीचे स्थित मंदिर में 901 ज्योति कलश शामिल हैं। इनकी रोशनी से दोनों मंदिरों का वातावरण भक्तिमय हो गया है।
शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। भक्तों की आस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से हर बार की तरह श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दर्शन और आवागमन के दौरान उन्हें परेशानी न हो।
नवरात्रि के इन पावन दिनों में मां बम्लेश्वरी का दरबार श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है। ज्योति कलशों की जगमगाहट ने मंदिर की भव्यता को और बढ़ा दिया है।