दुर्ग/कुम्हारी। चंदनडीह ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे में एक्टिवा सवार मां-बेटी घायल हो गईं। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक-माजदा ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां कविता राजपूत के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बेटी मुस्कान राजपूत के दाहिने हाथ में चोट लगी है। दोनों को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी कविता राजपूत अपनी बेटी मुस्कान राजपूत के साथ एक्टिवा क्रमांक CG-07-BZ-4951 से गरबा के लिए कपड़े खरीदने रायपुर आई थीं। खरीदारी पूरी करने के बाद दोनों रात में रायपुर से कुम्हारी लौट रही थीं।
इसी दौरान जब वे चंदनडीह ओवरब्रिज के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे ट्रक-माजदा क्रमांक MH-26-CH-4245 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय एक्टिवा मुस्कान राजपूत चला रही थीं। दुर्घटना में उनकी मां कविता राजपूत को सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि मुस्कान के दाहिने हाथ में चोट लगी। शिकायत के अनुसार, चोटों के कारण दोनों को चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। फिलहाल मां-बेटी एम्स अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे को लेकर ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के संबंध में शिकायत की गई है।