महाराष्ट्र। नागपुर में पुलिस ने होटल की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का खुलासा किया है। पुलिस ने हुडकेश्वर थाना क्षेत्र स्थित होटल रॉयल मेंशन में छापा मारकर मध्य प्रदेश की युवतियों को रेस्क्यू कराया है। मामले में होटल की महिला संचालक समीना वसीम खान को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, होटल में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिलने पर सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश की युवतियों को वहां से रेस्क्यू कराया गया।
जांच में आरोप सामने आया कि महिला संचालक मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों की युवतियों को कम समय में ज्यादा पैसे कमाने का लालच देती थी। इसके बाद उनसे देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस के अनुसार, युवतियों को नागपुर के अलग-अलग होटलों में ग्राहकों के पास भी भेजा जाता था।
इस मामले में सामाजिक सुरक्षा विभाग ने आरोपी महिला के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।