भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में क्रेशर प्लांट को लेकर चल रहा विवाद रविवार शाम हिंसक संघर्ष में बदल गया। बयाना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की हमले में मौत हो गई। घटना वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव की है। मामले के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:30 बजे अतर सिंह भड़ाना अपने क्रेशर प्लांट पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक साल से बंद पड़े क्रेशर प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों और भड़ाना पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि 70 से 80 लोगों ने लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में अतर सिंह भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले वैर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर भड़ाना को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 11:30 बजे अतर सिंह भड़ाना ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि क्रेशर की लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को पहले भी जानकारी दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
कमलेश ने हमले के दौरान गोली चलने और उनके पति को गोली लगने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, वैर अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में गोली लगने की आशंका से इनकार किया। पुलिस फायरिंग के आरोपों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।