पति की मौत पर खूब रोई पत्नी, मामला हत्या का निकला, तो हुई गिरफ्तार

यूपी। गाजियाबाद में एक सिलाई कारीगर की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और मौसेरे बहनोई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और अंशुल को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

मामला खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना विहार कॉलोनी का है। मूल रूप से लखीमपुर खीरी निवासी 35 वर्षीय अंशुल यहां अपनी 30 वर्षीय पत्नी निशा के साथ किराए के कमरे में रहता था। दोनों नोएडा की एक सिलाई कंपनी में काम करते थे। 10 अक्टूबर को अंशुल की उसके कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, निशा और उसके मौसेरे बहनोई पप्पू उर्फ गंगा भगत के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे। बताया गया कि पप्पू कुछ महीनों से अंशुल और निशा के साथ रह रहा था। अंशुल को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी और इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात के दिन अंशुल घर पर अकेला था। आरोप है कि इसी दौरान पप्पू ने अवैध तमंचे से उसे गोली मार दी। इसके बाद उसने निशा को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। तमंचे को नाले में फेंकने की बात भी जांच में सामने आई है।

11 अक्टूबर को अंशुल की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान पप्पू ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके आधार पर निशा और पप्पू दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *