रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जूटमिल पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके मकान से 5 किलो 435 ग्राम गांजा और बिक्री की 950 रुपये नकद राशि जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 80 हजार बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36 में रहने वाले मारकंडे यादव और उसकी चचेरी बहन रीतु यादव अपने मकान में गांजा रखकर बेच रहे हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और जूटमिल पुलिस की टीम गवाहों के साथ बताए गए मकान पर पहुंची।
पुलिस ने पूछताछ के बाद मकान की तलाशी ली। इस दौरान वहां से 5 किलो 435 ग्राम गांजा और बिक्री की 950 रुपये नकद राशि बरामद हुई। पुलिस ने गांजा और नकदी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों में मारकंडे यादव और रीतु यादव शामिल हैं। दोनों राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36 के निवासी हैं।