जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत लोदाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से चार गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में झारखंड निवासी 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गौवंशों के परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर जशपुर से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद लोदाम पुलिस ने नेशनल हाईवे पर पतराटोली के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
सुबह करीब 4 बजे जशपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो भलमंडा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें चार गौवंश मिले, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान झारखंड के गुमला जिले के ग्राम पनसो, कोटमा निवासी 24 वर्षीय नजमुल अंसारी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
