बाइक मोड़ते समय हाथ टच होने पर विवाद, उरला में पति-पत्नी की पिटाई

रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल मोड़ते समय हाथ टच होने की बात को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले के एक व्यक्ति ने प्लंबर मिस्त्री के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़ित ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बीरगांव के सुंदर नगर स्थित झंडा चौक निवासी हेमकुमार साहू प्लंबर मिस्त्री का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के पास मोटरसाइकिल मोड़ रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ मोहल्ले के पवन साहू के हाथ से टच हो गया। आरोप है कि इस बात पर पवन साहू गाली-गलौज करने लगा। हेमकुमार ने जब उसे गाली देने से मना किया, तो वह कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। इस दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी भी हुई।

शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद हेमकुमार की पत्नी चित्रेखा साहू मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि पवन साहू ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ और थप्पड़ से मारपीट की। मारपीट में हेमकुमार के चेहरे पर चोट आई है और दाहिने हाथ की कलाई के पास सूजन बताई गई है। वहीं, उनकी पत्नी के गले और दाहिने हाथ में खरोंच आने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के बाद हेमकुमार साहू ने उरला थाने में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *