दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी का लोहा खरीदकर गोदाम में रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरसिंह यादव (51 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पांडे कबाड़ी के गोदाम में मैनेजर के रूप में काम करता था। पुलिस ने गोदाम से रेल पटरी, लोहे के एंगल, सरिया, जाली और अन्य स्क्रैप सामग्री सहित कई सामान बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शंकर नगर, छावनी स्थित उदय स्कूल के पीछे पांडे कबाड़ी के गोदाम में ट्रक चालकों से लोहे का स्क्रैप और अन्य सामग्री खरीदकर रखी जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद जामुल पुलिस ने गोदाम में छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में लोहे का सामान और उसे काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सुरेश सिंह और अन्य श्रमिकों के साथ विभिन्न स्थानों से लोहे का सामान चोरी करने तथा अन्य लोगों से स्क्रैप खरीदकर गोदाम में रखने के संबंध में जानकारी रखता था।
गोदाम में गैस कटर से लोहे को काटने और तौल के बाद भुगतान करने की बात भी सामने आई है।पुलिस ने थाना जामुल में दर्ज अपराध क्रमांक 400/2025, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी गए लोहे के एंगल और जाली की पहचान कर उन्हें जब्त किया है। आरोपी नरसिंह यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका और बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।दुर्ग पुलिस ने कबाड़ व्यवसायियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि लोहे एवं अन्य स्क्रैप की खरीदी-बिक्री करते समय विक्रेता की पहचान, स्वामित्व और वैध दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।