रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का दौरा कार्यक्रम तय हो गया है। वे सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ 25 अक्टूबर से दो दिनों तक रायपुर प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी की कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी। प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है। रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठकों में शामिल होंगी।
दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के साथ भी चर्चा की जाएगी।
बैठकों में संभाग और जिलों के प्रभारी, सह प्रभारी, जिलाध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक और सह संयोजक सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इन बैठकों में मिशन 2028 की रणनीति, संगठन की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श होगा। पुराने वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा कर उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों पर मंथन किया जा सकता है।