Dhamtari : पीजी कॉलेज मैदान के पास खड़ी कार की तलाशी, हेरोइन बरामद, तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस ने एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 ग्राम हेरोइन, एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कीमत 4 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक व्यक्ति कार में मादक पदार्थ रखकर बेच रहा है।

सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आशुतोष उर्फ आशु को पकड़ा। वह आमातालाब क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम के पास का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए रखा गया 1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस ने हेरोइन की कीमत करीब 10 हजार रुपये, कार की कीमत 4 लाख रुपये और दोनों मोबाइल की कीमत करीब 42 हजार रुपये आंकी है। कुल जब्ती लगभग 4.52 लाख रुपये की बताई गई है। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 263/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *