दुर्गा पंडाल में प्रसाद वितरण के दौरान गला काटने की कोशिश, रायगढ़ की घटना, हमलावर गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी ने 77 वर्षीय मनधर यादव के गले पर धारदार चाकू से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे की है। मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया ने धारदार हथियार से उनके गले पर हमला कर दिया। इससे उनके गले में चोट आई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने घायल के बेटे रामकुमार यादव की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है। जमीन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते आरोपी ने कटहल काटने वाले चाकू से बुजुर्ग के गले पर वार किया।

पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घायल मनधर यादव की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *