Balod : मंदिर में जा घुसी तेज रफ्तार गाड़ी, ड्राईवर फरार

बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खुटेरी रंग में तेज रफ्तार बल्कर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ों और शिवलिंग मंदिर से टकरा गया। हादसे में बबूल और बरगद के पेड़ टूट गए, जबकि शिवलिंग मंदिर का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की है। ग्राम पंचायत खुटेरी रंग की सरपंच नविता साहू अपने घर पर थीं। इसी दौरान पंचायत के कंप्यूटर ऑपरेटर राजेंद्र कुमार साहू ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर सरपंच नविता साहू गांव के पंच ईश्वर साहू के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि सड़क किनारे लगे बबूल और बरगद के पेड़ टूटे हुए थे। साथ ही पेड़ के पास स्थित शिवलिंग मंदिर का सामने का हिस्सा भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया था।

शिकायत के अनुसार, बल्कर वाहन क्रमांक CG 07 CX 7428 के चालक ने वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पेड़ तथा मंदिर को टक्कर मार दी। घटना में मंदिर को नुकसान पहुंचा है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *