घर में सो रही नवविवाहिता अचानक हुई लापता, कार्यक्रम देखने गया था पति

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। पति के मुताबिक, उसकी पत्नी घर में अपने कमरे में सो रही थी। जब वह रात में कार्यक्रम देखकर वापस लौटा, तो पत्नी कमरे में नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पति ने पामगढ़ पुलिस को इसकी सूचना दी।

मिली जानकारी के अनुसार, मेऊ वार्ड निवासी विक्रम कुर्रे की शादी 20 जून 2026 को ग्राम सोनलोहर्सी निवासी अंजू कुर्रे (22 वर्ष) के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। विक्रम ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर की रात उनके गांव में दुर्गा पंडाल के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रात करीब 9 बजे वह खाना खाने के बाद कार्यक्रम देखने चला गया। उस समय उसकी पत्नी अंजू अपने कमरे में सो रही थी, जबकि घर के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कमरों में थे।

विक्रम के अनुसार, रात करीब 11 बजे कार्यक्रम देखकर घर लौटने पर उसने देखा कि उसकी पत्नी कमरे में नहीं थी। इसके बाद उसने अपने माता-पिता और घर के अन्य सदस्यों को जगाया। सभी ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

पति ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया होगा। उसने पुलिस से पत्नी की तलाश करने की गुहार लगाई है।

पुलिस को दी पत्नी की पहचान संबंधी जानकारी

शिकायत में विक्रम ने पत्नी अंजू कुर्रे की उम्र 22 वर्ष बताई है। उसके मुताबिक, अंजू का रंग सांवला, चेहरा लंबा और कद करीब पांच फीट है। घटना के समय उसने काले रंग की नाइटी पहनी हुई थी। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *