वाराणसी। प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज के पास एक ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी काशी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रूपापुर ओवरब्रिज के पास हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सड़क पर रुकी हुई थी, तभी पीछे से आए ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा की मौत हो गई। चौथे मृतक की पहचान की जा रही है। वहीं, कन्हैया यादव और निखिल कुमार गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।