कंपाउंडर जुआ खेल रहा था, पुलिस की रेड पड़ने पर तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, मौत

आगरा। जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और छत से धक्का देने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। मामले में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

मामला रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पुलिस को क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की दबिश के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ललित नाम का युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता चंदन राजपूत का आरोप है कि पास के एक घर में चार लोग ताश खेल रहे थे। रात करीब 12 बजे पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और छत पर चले गए। पिता के मुताबिक, तीन लोग वहां से भाग गए, जबकि उनका बेटा ललित वहीं रह गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने ललित के साथ मारपीट की और पैसे नहीं देने पर उसे छत से नीचे फेंक दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घायल ललित को अस्पताल पहुंचाने के बजाय पुलिसकर्मी मौके से चले गए। हालांकि, इन आरोपों की जांच की जा रही है।

ललित की मौत की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

विधायक जीएस धर्मेश ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार के मुताबिक, जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। पुलिस का कहना है कि ललित भागने के दौरान छत से कूद गया था और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच एसीपी छत्ता को सौंपी गई है। मामले में सिपाही शिवम राठी और आकाश शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। ललित एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के तौर पर काम करता था। उसके परिवार में दो छोटी बच्चियां हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *