पहाड़ के नीचे गौ वध, जशपुर में 5 ग्रामीण गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश वध के मामले में कांसाबेल पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से लगभग 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, प्लास्टिक का थैला, गौवंश के सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ सहित अन्य अवशेष तथा मांस काटने में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का गुटका जब्त किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को 18 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को थाना कांसाबेल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सागीभावना के फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे, एनोस के खेत के पास कुछ लोग गौवंश का वध कर मांस काट रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए कार्रवाई की।

पुलिस को घटनास्थल पर गौवंश का वध कर मांस काटे जाने के साक्ष्य मिले। मौके से लगभग 50 किलोग्राम गौमांस, एक लोहे का गड़ासा और अन्य सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पूछताछ के आधार पर चार अन्य आरोपी गिरफ्तार

मौके पर मिले जकरियस तिग्गा से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद 18 अक्टूबर को मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज को गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

पुलिस ने पशु चिकित्सक से गौमांस और बरामद अवशेषों का आवश्यक परीक्षण भी कराया। इसके बाद नियमानुसार अवशेषों को दफन कर पंचनामा तैयार किया गया। जब्त सामग्री को प्रकरण में साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

इन पांच आरोपियों के खिलाफ दर्ज है मामला

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जकरियस तिग्गा (43 वर्ष), मसीह दास उर्फ ईशु दास (40 वर्ष), धीरज तिग्गा (36 वर्ष), पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज (26 वर्ष) और उदय कुमार मिंज (52 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम सागीभावना, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने थाना कांसाबेल में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *