Dhamtari City News : गमछे से चेहरा ढंककर घरों और दुकानों में तोड़फोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चाकू-डंडे जब्त

धमतरी। शहर के मराठा पारा और बांसपारा इलाके में आधी रात हथियार लेकर उत्पात मचाने और लोगों को धमकाने के मामले में धमतरी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में छह विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू, बांस के डंडे और कपड़े जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा और बांसपारा वार्ड में पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियार थे। उन्होंने मोहल्ले के लोगों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही घरों के दरवाजों और दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर दहशत फैलाने का आरोप है। इस मामले में वार्ड निवासी एक व्यक्ति की लिखित शिकायत पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन (19 वर्ष), निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल छह विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

चाकू, डंडे और कपड़े जब्त

पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार चाकू, बांस के डंडे और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(2), 191(3), 189(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *