Bilaspur : 12 घंटे के भीतर मिलीं लापता दो सगी बहनें, मां की आंखों में लौटे खुशी के आंसू

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र से लापता हुईं दो नाबालिग सगी बहनों को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चियां 22 अक्टूबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी थी। बेटियों के सुरक्षित मिलने पर मां और परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और सकरी पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, बच्चियों की मां ने सकरी थाने पहुंचकर उनके लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों ने किसी अप्रिय घटना या अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चियों को ले जाने की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 987/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से तलाश करते हुए दोनों बच्चियों को मंगला स्थित एक पार्क से बरामद किया।

पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घूमने के दौरान वे रास्ता भटक गई थीं। दोनों के सकुशल मिलने से मां और परिजन भावुक हो उठे। परिवार ने पुलिस की तत्परता के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *