अमृतसर से चिट्टा लाकर उसलापुर में बेचने की थी तैयारी, बिलासपुर पुलिस ने पकड़ा

बिलासपुर। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) लाकर शहर में बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, और 10,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई एसीसीयू बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसीसीयू अधिकारी मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध दीपक वालिया (32 वर्ष) को पकड़कर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से पारदर्शी जिपर वाली पॉलीथिन में रखी 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद मिले।

अमृतसर से खरीदकर बिलासपुर में बेचने की थी योजना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की बात बताई। वह मादक पदार्थ की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और आरोपी के वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक वालिया, पिता कमलजीत सिंह वालिया, निवासी सुभाष कॉलोनी, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर, थाना सकरी, बिलासपुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *