दुर्ग में 4 करोड़ कैश पकड़ाया, पिकअप के गुप्त चेंबर में मिला ब्लैक मनी

दुर्ग। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। सफेद रंग का बोलेरो मैक्स पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चेंबर मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा छिपाकर रखी गई थी। मामले में वाहन सवार दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।

वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बनाया था गुप्त चेंबर

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध नकदी परिवहन की सूचना के आधार पर खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 11 बजे वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर जांच की गई। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था। संदेह होने पर पुलिस ने सघन तलाशी ली, जिसमें गुप्त चेंबर का पता चला।

चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई। इतनी बड़ी रकम वाहन में छिपाकर ले जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दो लोगों से पूछताछ, रकम के स्रोत की जांच

वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी, जो वाहन चला रहा था, और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और इसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *